प्रयागराज: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रयागराज में युवाओं को संबोधित करते हुए देश की युवा आबादी, डेटा और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं में देश को आगे ले जाने की पूरी क्षमता है और 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था में युवा शक्ति और डेटा की अहम भूमिका होगी।
राहुल गांधी ने प्रयागराज से अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि इस शहर से उनकी फैमिली का पुराना रिश्ता रहा है और यहां आकर उन्हें खुशी होती है। उन्होंने प्रयागराज को ज्ञान और शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पुराने गौरव को भी याद किया।
उन्होंने कहा, “आज शाम मैं आपसे दर्द, डेटा और दौलत की बात करना चाहता हूं। आपका दर्द, आपका डेटा, लेकिन आपका धन नहीं। जो धन आपका होना चाहिए, वो उनका धन है।”
‘आप भारत की शक्ति और मजबूती हैं’
युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि युवा भारत की ताकत, शान और मजबूती हैं। उन्होंने कहा कि जब वह युवाओं की ताकत की बात करते हैं तो सिर्फ भीड़ की बात नहीं कर रहे, बल्कि देश के हर नागरिक की क्षमता की बात कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं में इंटेलिजेंस, इमेजिनेशन और कैपेसिटी है। अगर भारत को आगे बढ़ना है तो उसकी सबसे बड़ी ताकत देश के युवाओं की क्षमता होगी।
देश के छात्रों ने system के फैलाए अंधेरे के बीच, अपने डर का सामना कर, रौशनी की मशाल जलाई है।
ये मशाल अब पूरे देश को अपने अधिकारों का रास्ता दिखा रही है।
BJP-RSS और अडानी के System को अब खतम, tata, bye-bye कहने का वक्त आ गया है। pic.twitter.com/MqFtLgMgUg
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 8, 2026
उन्होंने कहा, “अगर ये देश आगे बढ़ेगा तो आपके बल पर, आपकी स्ट्रेंथ पर। इस देश का भविष्य आपके बल पर बनेगा।”
‘देश में करीब 40 करोड़ युवा’
राहुल गांधी ने भारत की बड़ी युवा आबादी को देश की सबसे बड़ी ताकतों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि भारत में करीब 40 करोड़ युवा हैं और यह देश की बड़ी शक्ति है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में चीन, अमेरिका और रूस जैसे देशों की चर्चा होती है, लेकिन भारत के युवा जिस क्षमता के साथ आगे बढ़ सकते हैं, वह देश के लिए बहुत बड़ी ताकत है।
‘युवा और डेटा 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था की ताकत’
राहुल गांधी ने अपने भाषण में डेटा की बढ़ती भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में किसी देश की प्रगति सिर्फ उसकी पारंपरिक आर्थिक ताकत पर निर्भर नहीं करेगी, बल्कि युवा क्षमता और डेटा भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा, “युवा + डेटा = 21वीं सदी की इकोनॉमी।”
AI का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज हर जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की चर्चा हो रही है, लेकिन AI के पीछे डेटा की भूमिका को समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा, “आपके डेटा के बिना AI का कोई मतलब नहीं है। अगर AI बनता है तो आपके डेटा के बेस पर बनता है।”
एक्स पर शेयर किया भाषण
राहुल गांधी के प्रयागराज भाषण का वीडियो उनके आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी शेयर किया गया है। उन्होंने वीडियो को “छात्रों की गूंज” कैप्शन के साथ पोस्ट किया है।
अपने संबोधन के जरिए राहुल गांधी ने युवाओं के सामने रोजगार और अर्थव्यवस्था के साथ-साथ डेटा के अधिकार और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों को भी उठाया।
